संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद परिसर में नवनिर्मित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर में बृहस्पतिवार को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव समेत अन्य देवी-देवताओं की विग्रह मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की और हवन-पूजन में मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से थाना परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा पुलिस विभाग के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि थाना परिसर में मंदिर की स्थापना से पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह मंदिर आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भी पहुंचकर विधिवत भगवान शिव का पूजन-अर्चन की।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।