एचआरपीजी कॉलेज में पटेल जयंती पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी-स्रोत कॉलेज
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में राष्ट्रीय सेवा योजना ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सरदार पटेल के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता से परिचित कराना था। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी विद्या भूषण ने कहा कि सरदार पटेल स्वतंत्रता आंदोलन के महान सेनानी थे। उन्होंने रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता को मजबूत किया। उनके आदर्श युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने उनके जीवन को राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण बताया। राजनीति विज्ञान के मनोज कुमार भारती ने विद्यार्थियों को पटेल से प्रेरणा लेकर समाज में एकता बढ़ाने का आह्वान किया। यह शैक्षणिक गतिविधियां राष्ट्रीय चेतना और लेखन कौशल का विकास करती हैं। प्रतियोगिता का परिणाम वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में घोषित किया जाएगा।