बखिरा में रकम न मिलने पर गुस्साए लोगों ने एसबीआई शाखा का शटर गिरा दिया और फिर मार्ग पर जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
नोट बंदी के 37वें दिन भी जिले में हालात सामान्य नहीं हुए। ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम अभी भी नहीं खुले, शहरों में जो खुल रहे हैं वहां लोगों को रकम के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। रकम की किल्लत से पूर्वांचल बैंक की 51 में से 16 शाखाएं बंद रहीं। जो खुली वहां भी भुगतान नहीं हुआ। भुगतान न मिलने का नतीजा रहा कि बखिरा में लोगों ने शटर गिराकर बैंक बंद कर दिया और फिर जाम लगा दिया। इसके साथ ही भिटवा, उमरिया बाजार में लोगों ने मार्ग जाम कर दिया। लोहरौली प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय पूर्वांचल बैंक की शाखा में भुगतान नहीं पाने से गुस्साए लोगों ने बैंक का शटर बंद कर बीएमसिटी मार्ग जाम कर दिया। एसबीआई की बेलहर कला शाखा पर लोगों ने पथराव भी किया। जबकि उमरिया बाजार में शाखा प्रबंधक का पुतला जलाया। खलीलाबाद के दो एटीएम बंद रहे तो विकास भवन की एसबीआई शाखा में भी भुगतान नहीं हुआ।
बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय एसबीआई शाखा में भुगतान न मिलने से महिलाओं ने हंगामा किया, जबकि कतार में खड़े पुरुषों ने ने बैंक का शटर गिराकर कर्मियों को बंद कर दिया। बाद में पुलिस ने प्रबंधक हरिकिशन पाल और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर पहुंचाया। इससे नाराज लोगों ने पुलिस चौकी बखिरा के सामने खलीलाबाद- मेंहदावल मार्ग को जाम कर दिया। एसओ अनिल सिंह, चौकी इंचार्ज राजकुमार पांडेय और संभ्रांत लोगों के समझाने के बाद लोगों माने। लोगों का आरोप था कि भोर से ही नगदी पाने के लिए लोग कतार में लग गए थे।
करीब 10 बजे बैंक खुलने पर प्रबंधक ने नो कैश का बोर्ड मुख्य गेट पर लगवा दिया था। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया। वहीं हंगामे की सूचना पर बैंक के उच्चाधिकारियों को सूचित करने के बाद बैंक कर्मियों ने बैंक बंद कर दिया। शाखा प्रबंधक ने बताया कि कैश नहीं होने की वजह से भुगतान नहीं कर पाने और बैंक बंद करने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई।
बेलहर प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्वांचल बैंक भिटवा के सामने कैश न मिलने पर नाराज उपभोक्ताओं ने बस्ती-मेंहदावल मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर एसओ बखिरा भी मौके पर पहुंच गए और नाराज ग्राहकों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन जाम खुलवाने में नाकाम रहे। बाद में किसी तरह संभ्रांत लोगों के समझाने-बुझाने पर लगभग पांच घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। भारतीय स्टेट बैंक बेलहर कलां शाखा के शटर पर आक्रोशित ग्राहकों ने पत्थर भी चलाए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया था। एसबीआई बेलहर कलां के शाखा प्रबंधक बी पी त्रिपाठी ने बताया कि शाखा पर कैश नहीं है। कैश मिलते ही ग्राहकों को भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।