भीड़ से बढ़ा जोश, लेकिन नहीं दे पाए एकजुटता का संदेश
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। मौका भी था, दस्तूर भी था, लेकिन एन वक्त पर भाजपा नेता एकजुटता दिखाने में चूक गए। एचआरपीजी कॉलेज गेट से उत्साहित कार्यकर्ताओं के साथ निकले भाजपा नेता अपने-अपने समर्थकों को ही सहेजते रह गए।
हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे कोई मुद्दा नहीं मानते और वे कार्यक्रम की सफलता का बखान करने में जुटे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने करीब दो महीने तक लगातार कार्यक्रम तय किया है। इसी के तहत चार नवंबर को लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या पदाधिकारियों को एकजुट करने एवं चुनावी टिप्स देने आए थे। इसके बाद शनिवार को कमल संदेश यात्रा के जरिए विरोधी दलों पर मानसिक बढ़त बनाने का अवसर था। अपेक्षा के अनुरूप भीड़ भी जुटी। एचआरपीजी कॉलेज के ग्राउंड में बाइक सवार कार्यकर्ताओं का उत्साह देख मंचासीन नेताओं ने अगले चुनाव में पिछले चुनाव से भी बड़ी सफलता का दावा ठोंक दिया। हालांकि यह अति उत्साह भी अंदरूनी अनबन को सार्वजनिक होने से नहीं रोक पाया। ब्यूरो