गोलाबाजार, मुखलिसपुर तिराहा, समय माता मंदिर आदि जगहों पर अतिक्रमण से लगता है जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में जगह-जगह खंभों की आड़ में कब्जा कर लिया गया है। शहर की हृदय स्थली गोला बाजार, बरदहिया बाजार, समय जी स्थान, मुखलिसपुर तिराहा, बंजरिया मार्ग आदि जगहों पर सड़क पर लगे खंभे की आड़ में लोगों ने दुकानें लगा ली हैं। व्यापारी सामान दिखाने के चक्कर में उसे सड़क तक बिछाए हुए हैं। यदि सड़कों से सिर्फ बिजली के खंभों को व्यवस्थित करके अतिक्रमण हटा दिया जाए तो वाहनों के चलने के लिए जगह कम नहीं पड़ेगी और शहर को जाम से निजात मिल जाएगी।
गोलाबाजार में खंभे की आड़ में सज रहीं दुकानें
शहर की हृदयस्थली कहे जाने वाले गोलाबाजार में बिजली के खंभों की आड़ में दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें सजी ली हैं। सड़क तक कब्जा होने के कारण वाहनों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। साथ ही जाम की स्थिति बन रही है।
मुखलिसपुर तिराहे पर सड़क तक ठेला, बच के चलिए
खलीलाबाद के मुखलिसपुर तिराहा पर सड़क तक फल विक्रेताओं ने ठेला लगा रखा है। आने-जाने के लिए जगह ही नहीं बची है। ऐसे में यदि लोग बचकर नहीं चले तो दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं। इसके आगे फुटपाथ पर दुकानें लग रही है। इससे अक्सर जाम होता रहता है।
समय माता मंदिर के पास जगह नहीं
समय माता मंदिर के पास बिजली के खंभों की आड़ में फल, सब्जी आदि दुकानदार जमे हुए हैं। सड़क तक इनका कारोबार फैला हुआ है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में फुटपाथ पर दुकानें लग जाती हैं। इससे आवागमन में दिक्कत हो रही है।
बरदहिया बाजार में नाली तक कब्जा
शहर के बरदहिया बाजार में नाली तक कब्जा हो गया है। यहां पर बिजली के पोल की आड़ में दुकानें लग रहीं है। इससे अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। रविवार व सोमवार को तो आना-जाना
मुश्किल हो जाता है।