स्टेशन रोड : जाम की समस्या से जूझने के लिए मजूबर हैं लोग
- बैंक चौराहे तक सड़कों पर कब्जा कर लगाई जा रहीं दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के त्रिपाठी मार्केट में सड़क चौड़ीकरण के बाद पटरियां ही गायब हो गई हैं। सड़क तक दुकानें लग रही हैं। इससे जाम की समस्या बनी रहती है। रेलवे स्टेशन रोड पर ठेला वालों का कब्जा रहता है। इससे परेशानी और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और कब्जा हटे तो राहत मिल सकती है।
शहर के त्रिपाठी मार्केट की सड़क चार साल पहले सिंगल लेन की थी। इससे आने-जाने में समस्या बनी रहती थी। इसको देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण कराया गया। इससे इस सड़क की पटरियां गायब हो गई हैं। दुकानदार सड़क तक कब्जा कर लिए हैं।
कुछ दुकानदारों ने सड़क के हिस्से में भी सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया है। इससे आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसके आगे विधियानी मोड़ से रेलवे स्टेशन के पीछे के मार्ग पर कई जगहों पर ठेला वालों का कब्जा हो गया है।
रेलवे स्टेशन से मुख्य प्रवेश द्वार से निकलने के दौरान ऑटो व ई-रिक्शा वाले भी जमे रहते हैं। इससे रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
अक्सर बंद रहती है रेलवे क्राॅसिंग
त्रिपाठी मार्केट से होकर रेलवे स्टेशन जाने के लिए रेलवे क्राॅसिंग पार करना होता है, लेकिन यहां रेलवे क्राॅसिंग अक्सर बंद रहता है। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन 66 जोड़ी सवारी गाड़ी के साथ ही करीब 100 ट्रेनें गुजरती हैं। इस दौरान शहर दो हिस्सों में बंट जाता है। दोनों तरफ लंबा जाम लगता रहता है।
यहां के निवासी वीरेंद्र कुमार, रघुपति आदि ने कहा कि अतिक्रमण और जाम के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसको देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रेलवे क्राॅसिंग पर फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी है। अभी काम शुरू नहीं हुआ है। इससे समस्या बनी हुई है।
वाहन चालक भी बढ़ा रहे मुसीबत
त्रिपाठी मार्केट के आसपास सवारी वाहन अक्सर खड़े रहते हैं। ट्रेन आने पर सवारी भरने के लिए जहां मन किया वहीं वाहन खड़े कर देते हैं। इसके कारण मुसीबत और बढ़ गई है।
हटवाए जाएंगे अतिक्रमण
त्रिपाठी मार्केट व रेलवे स्टेशन रोड पर हुए अतिक्रमण को हटवाने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। यहां पर फ्लाईओवर का निर्माण भी होना है। इससे राहत मिल सकती है।
-जगत जायसवाल, चेयरमैन नगर पालिका परिषद खलीलाबाद