संतकबीरनगर। नवरात्र की सप्तमी दो दिन बाद है। इसके बाद दशहरा तक शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, धनतेरस और दिवाली के त्योहार भी नजदीक हैं। ऐसे में शहर की सड़कों तक फैला अतिक्रमण यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। गोला बाजार से लेकर मुखलिसपुर तिराहा और आजाद चौक तक सड़क की पटरियों पर दुकानदारों का कब्जा है। इससे अभी से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है।
शहर में दुर्गा पूजा समारोह शुरू हो चुके हैं। त्योहारों के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। गोला बाजार में पटरी दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें सजा रखी हैं। दोनों तरफ की पटरियों पर जगह नहीं बची है। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है। शाम के समय यहां अक्सर जाम लग जाता है। संकरी गलियों में भी लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
मुखलिसपुर तिराहे पर फल विक्रेताओं ने सड़क तक ठेले लगा रखे हैं। कुछ दिन पहले ठेला दुकानदारों को हटाया गया था, लेकिन अब फिर से अतिक्रमण हो गया है। आजाद चौक पर भी फुटपाथ पर दुकानें सजी हुई हैं। यहां स्थित समय माता मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। भीड़ बढ़ने पर जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में नवरात्र और दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ ही आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
वेंडिंग जोन बना, नहीं शिफ्ट हुईं दुकानें
शहर में अतिक्रमण और जाम की समस्या दूर करने के लिए शुगर मिल चौराहे से एचआरपीजी कॉलेज तक वेंडिंग जोन बनाया गया है। योजना के तहत पटरी दुकानदारों को यहां शिफ्ट किया जाना था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो सका है। नतीजतन, सड़कों और फुटपाथों पर दुकानें लगने का सिलसिला जारी है।
शहर आए दुर्गेश कुमार और रामबचन ने बताया कि अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम में फंसना पड़ता है। त्योहारों में बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
सड़कों तक हुए अतिक्रमण को लेकर पालिका प्रशासन गंभीर है। पटरी दुकानदारों को दुकानें पीछे लगाने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद सड़क तक दुकानें लगाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
अवधेश कुमार- ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद