- पुलिस चौकी के सामने ठेले व खोमचे वालों ने बढ़ाई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। कस्बे को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए सड़क, बिजली, साफ-सफाई व स्वच्छता कार्य जोरों पर चल रहा है, लेकिन पुलिस चौकी बखिरा के सामने मुख्य सड़क के किनारे ठेले और खोमचे वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिसके चलते राहगीरों व वाहन चालकों को जाम से जुझना पड़ रहा है। लोगों ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
कस्बे के विनोद कुमार, दयाशंकर, रामचंद्र, नंदलाल, संतोष, राजू, बलराम, राजेश ने कहा कि नगर पंचायत को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर पंचायत लगातार अभियान भी चला रहा है। बावजूद इसके कस्बे के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर ठेला वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। आधा दर्जन से अधिक ठेले वाले पुलिस चौकी के सामने मुख्य सड़क के किनारे स्थित पटरी पर लगा रहे हैं। ऐसी ही स्थिति कस्बे के प्राइमरी स्कूल तिराहा, इंटर काॅलेज तिराहा, अमरडोभा, रसूलाबाद तिराहे पर रोजाना रहता है।
सड़क किनारे खड़े होकर ग्राहक सामानों की खरीदारी करते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। हाल ही में सड़क पर बाइक खड़ा कर फल खरीदने वाले एक व्यक्ति व एक पुलिसकर्मी के मध्य नोकझोंक का मामला सामने आया था। कस्बे के लोगों ने जिम्मेदारों से पुलिस चौकी व कस्बे के अन्य चौराहों पर लगने वाले ठेले व खोमचे वालों को किसी निर्धारित स्थल पर लगवाने की मांग की है। इस संबंध में ईओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।