संतकबीरनगर में मुठभेड़ स्थल पर जांच करते एसपी।
- फोटो : KHALILABAD
पुलिस और पशु तस्करों में मुठभेड़, एसओ एवं तस्कर को लगी गोली
धनघटा (संतकबीरनगर)। पुलिस और पशु तस्करों के बीच शनिवार को हुए मुठभेड़ में तस्करों की गोली से धनघटा के एसओ घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक तस्कर को भी गोली लगी। दोनों को दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लगी है। पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और कारतूस भी बरामद किया। पुलिस ने मौके से तस्करों की बिना नंबर की सफेद रंग की बोलेरो और ट्रक पर लदे 20 गोवंशीय पशुओं के साथ चालक को पकड़ा। दो तस्कर भागने में कामयाब रहे। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल एसओ और तस्कर को सीएचसी मलौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक अंबेडकरनगर जिले की तरफ से बिड़हरघाट पुल से होकर ट्रक से गोवंशीय पशु धनघटा की ओर ले जाए जा रहे थे। रेकी के लिए ट्रक के आगे-आगे तस्करों की एक बोलेरो चल रही थी। सूचना के आधार पर बिडहर घाट चौकी की पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो तस्करों की दोनों गाडियां आगे निकल गई। बिडहर घाट चौकी पुलिस की सूचना पर प्रजापतिपुर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे एसआई विवेकानंद ने सहयोगियों के साथ तस्करों के वाहनों को रोकने का प्रयास किया। सफेद रंग की बोलेरो सवार तस्करों ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारते हुए भागने लगी। ट्रक में मौजूद तस्कर ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने घेरेबंदी कर ट्रक चालक मशरुफ अहमद पुत्र अजीज निवासी सूफीगढ़ थाना अहिरौला जनपद आजमगढ़ को पकड़ लिया। उसके पास तमंचा और कारतूस मिला। पुलिस ने ट्रक समेत 20 गोवंशीय पशुओं को भी कब्जे में ले लिया। सूचना पर एसओ धनघटा रणधीर मिश्र, एसओ महुली प्रदीप सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी करुणा पांडेय ने बोलेरो से भागे तस्करों का पीछा किया। जिगिना गांव के पास तस्करों और पुलिस की मुठभेड़ हो गई। तस्करों की फायरिंग में एसओ धनघटा रणधीर मिश्रा घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से सूफीगढ़ थाना अहिरौला जनपद आजमगढ़ का रहने वाले तस्कर गालिम अहमद घायल हो गए। एसपी ब्रजेश सिंह, एएसपी असित श्रीवास्तव, सीओ संदीप वर्मा, कोतवाल खलीलाबाद अजय कुमार सिंह, एसओ दुधारा गौरव सिंह आदि पहुंच गए। एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि भागे तस्कर की पहचान सफीक अहमद निवासी सूफीगढ थाना अहिरौला और आजमगढ़ जिले के ही दीदारगंज क्षेत्र के रहने वाले वसीम अहमद के रूप में हुई है। पकड़े गए तस्कर मशरुफ से पूछताछ की जा रही है। एसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि दो बार पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। दूसरी बार के मुठभेड़ में तस्कर की गोली से एसओ रणधीर मिश्रा और पुलिस की गोली से तस्कर गालिम घायल हो गए। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए धनघटा पुलिस और स्वॉट टीम को लगाया गया है।