संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में सोमवार को उन्नत भारत अभियान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में गौरपार अतरौरा एवं अन्य गांवों में जैविक कृषि को प्रोत्साहन देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्नत भारत अभियान के संयोजक डॉ. अमर सिंह गौतम ने किसानों से जैविक खेती को लेकर चर्चा की। डॉ. गौतम ने किसानों को जैविक कृषि के फायदे से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अच्छे स्वास्थ्य के लिए हमारे शरीर को समय समय पर पोषण व देखभाल की जरूरत पड़ती है। उसी प्रकार हमारे खेत की मिट्टी को भी उचित पोषण एवं देखभाल की जरूरत पड़ती है। उन्होंने आगे बताया कि आज पूरी दुनिया रासायनिक खाद छोड़कर प्राचीन भारतीय परंपरा को अपना रही है जो कि प्रकृति के बहुत करीब है। जैविक खेती से हमारी मिट्टी समृद्ध होती है। इस अवसर पर डॉ गौतम ने किसानों ने के कई शंकाओं का भी निवारण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी विद्याभूषण, डॉ मनोज वर्मा एवं विजय बहादुर भी उपस्थित रहे।