- एडीओ पंचायत ने अलग-अलग तहरीर देकर दर्ज कराया दो केस
- एक केस में 11 लाख 36 हजार, दूसरे में 16 लाख 32 हजार सरकारी धन के गबन करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को नाथनगर ब्लाॅक के एडीओ पंचायत आनंद मोहन वर्मा ने महुली थाने में तहरीर देकर तत्कालीन एडीओ पंचायत, सचिव, दो ग्राम पंचायत के प्रधान व फर्म सप्लायर के खिलाफ अलग-अलग तहरीर देकर दो केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गौरतलब है कि 10 मई 2021 को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के मिशन निदेशक ने डीएम को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना तहत ऑनलाइन भुगतान प्रणाली के क्रियान्वयन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए थे। जिसमें ग्राम पंचायतों में संचालित ग्राम निधि छह के खातों से चेक के माध्यम से धनराशि के आहरण को बंद करने के निर्देश थे। बावजूद इसके नाथनगर ब्लाॅक के दो ग्राम पंचायत में ग्राम निधि छह के खातों का संचालन हो रहा था।
पुलिस को दी तहरीर में एडीओ पंचायत आनंद मोहन ने बताया कि डीपीआरओ की जांच में चार अप्रैल 2024 को पाया गया कि नाथनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत छितही के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खलीलाबाद में संचालित ग्राम निधि खाता छह में तत्कालीन एडीओ पंचायत विश्राम प्रसाद की ओर से शासन व जनपद के उच्चाधिकारियों के आदेशों को दरकिनार करके प्रधान व सचिव का हस्ताक्षर प्रमाणित कर खाता संचालन शुरू करा कर 11 लाख 36 हजार रुपये का गबन कराया। इसी तरह ग्राम पंचायत मड़हाराजा में भी 16 लाख 32 हजार रुपये का सरकारी गबन किया गया।
पुलिस ने नाथनगर के एडीओ पंचायत आनंद मोहन वर्मा की पहली तहरीर पर तत्कालीन एडीओ पंचायत विश्राम प्रसाद, प्रधान छितही अलीमुल कदर, सचिव शिव प्रकाश सिंह, प्रोपराइटर लवली कंस्ट्रक्शन व जनरल ऑर्डर सप्लायर, प्रोपराइटर श्रेयांश कंस्ट्रक्शन के खिलाफ 11 लाख 36 हजार सरकारी धन गबन करने की धाराओ में केस दर्ज किया गया है। इसी अलावा एडीओ पंचायत आनंद मोहन वर्मा की दूसरी तहरीर पर मड़हाराजा प्रधान अब्दुल समद, सचिव शिव प्रकाश सिंह, लवली कंस्ट्रक्शन के खिलाफ 16 लाख 32 हजार रुपये के गबन का केस दर्ज कराया गया है। दो केस दर्ज होने से ब्लाॅककर्मियों में हड़कंप है।