- एक माह की छुट्टी लेकर गोरखपुर आने के बाद नहीं पहुंचा घर
- ससुर व साले ने प्रेमिका के साथ फरार होने की आशंका जताकर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र निवासी प्रेमिका के साथ पत्नी व बच्चों को छोड़कर सेना का जवान फरार हो गया। एक माह की छुट्टी लेकर गोरखपुर आने के बाद पत्नी व बच्चों के पास अपने घर पर नहीं पहुंचा। ससुर और साले ने कोतवाली पुलिस से प्रेमिका के साथ फरार होने की आशंका जताकर शिकायत करते हुए तलाश की गुहार लगाई है।
गोरखपुर जनपद निवासी सेना का जवान का कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र निवासी एक महिला से प्रेम संबंध बन गया। जवान के ससुर और साले के मुताबिक उसकी तैनाती जम्मू में है। एक साथी के साथ जम्मू से एक माह का अवकाश लेकर वह 15 दिन पूर्व गोरखपुर पहुंचा था। उसका मित्र अपने घर चला गया। वहीं जवान घर पर न जाकर कहीं लापता हो गया।
घर न पहुंचने के बाद जवान की पत्नी ने इसकी जानकारी पिता और भाई को दी। जिसके बाद जवान के रिश्तेदार उसकी खोजबीन करते कोतवाली खलीलाबाद पहुंचे। रिश्तेदारों का पुलिस से कहना है कि गोरखपुर जनपद के सहजनवां क्षेत्र निवासी जवान का कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र निवासी एक विधवा महिला के साथ प्रेम संबंध था। उन लोगों ने आशंका जाहिर किया कि जवान उसी महिला के साथ कहीं पर रह रहा है। रिश्तेदारों ने पुलिस से जवान व उसके महिला मित्र का फोटो देकर खोजने की गुहार लगाई।
इस संबंध में कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। छानबीन की जा रही है।