संतकबीरनगर। शहर के बड़े नालाें पर एलिवेटेड पुल और बाजारों में पार्किंग बनाकर शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका ने पहल की है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। जल्द ही इस प्रस्ताव को अमल में लाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने शहरों में लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके बाद पालिका प्रशासन ने शहर के बड़े नालों पर एलिवेटेड पुल (छोटे पुल) बनाने का प्रस्ताव तैयार करने में जुट गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बड़े नाले बने हैं। इन नालों पर स्लैब डाले जाएंगे और बीच- बीच में छोटे पुल का निर्माण होगा। इससे वाहन नालों के पीछे जा सकेंगे, जहां पर वाहन पार्किग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। पुरानी तहसील के पास वाहन पार्किंग के लिए तैयारी भी शुरू कर दी गई है। साथ ही ओवरब्रिज के नीचे भी वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत
एलिवेटेड पुल यानी छोटे पुल बनने से ई- रिक्शा, आटो, दो पहिया वाहन आसानी से नालों के दूसरी तरफ आ जा सकेंगे। इन स्थानों पर पार्किग की व्यवस्था होने से शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही शहर के अंदर विभिन्न स्थानों पर भी पार्किंग की व्यवस्था होनी है। इस पर जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बड़े नालों पर छोटे- छोटे पुल का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही शहर में भी कई स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था होगी। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद