फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: उमस भरी गर्मी में हांफने लगी बिजली व्यवस्था, बिलबिला उठे लोग

Mon, 27 May 2024 11:43 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
विद्युत सब स्टेशन वि​धियानी में ट्रांसफार्मर पर पानी मार कर  ठंडा करते बिजलीकर्मी। संवाद
विज्ञापन
-हीट हो रहे ट्रांसफार्मरों पर डाला जा रहा पानी
विज्ञापन

- अधिकतम तापमान 43 तो न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा
- शहर की 60 हजार की आबादी प्रभावित
- न दिन में मिल रहा चैन न रात में पूरी हो रही नींद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर से लेकर गांव तक लोग लू और उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 तो न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दूसरी तरफ गर्मी के बीच बिजली संसाधन भी हांफने लगे हैं। कहीं ट्रांसफार्मर हीट हो जा रहे हैं तो कहीं बिजली के तार टूटकर गिर रहे हैं। लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। लोग बिजली न होने से बिलबिला उठे हैं। न तो दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में नींद पूरी हो पा रही है।
सोमवार को लोग लू और उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। लोगों को बिजली आपूर्ति से राहत की उम्मीद थी, लेकिन संसाधन भी दगा देने लगे हैं। खलीलाबाद के विधियानी विद्युत उपकेंद्र में लगा 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर हीट हो गया। इसे ठंडा करने के लिए कर्मियों ने पानी की फुहार की। इसी तरह गल्ला मंडी में रविवार की देर रात बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब दो घंटे के मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। वहीं सरैया में भी 250 केवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिसके कारण इस क्षेत्र में बिजली गुल रही। घरों में कैद लोग बिजली न रहने से बिलबिला उठे। पंखे, कूलर बेकार हो गए। सूचना के बाद बिजली कर्मियों ने खराबी दूर की, तब जाकर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली की समस्या के चलते शहर की करीब 60 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

000000000000000000
लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे लोग
उमस भरी गर्मी के बीच जहां बिजली आपूर्ति हो रही है वहां भी लो-वोल्टेज की समस्या बनी है। इसके चलते लोगों को न तो दिन में चैन मिल पा रहा है और न ही रात में नींद पूरी हो पा रही है। लोग कभी छत पर जा रहे हैं तो कभी बाहर निकल कर टहलने को मजबूर हो रहे हैं। साथ ही बिजली बार-बार ट्रिप कर रही है। इससे शहर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मैलानी, सरैया, गोलाबाजार, स्टेशन पुरवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की समस्या बनी हुई है। यहां के निवासी अनिल कुमार चौरसिया, अरविंद कुमार, प्रदीप आदि ने बताया कि गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। इसमें सुधार किए जाने की जरूरत है।

सूख जा रही पानी की टंकियां
बिजली की आवाजाही और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पानी का संकट खड़ा हो गया है। कारण यह है कि मोटर सही से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पानी की टंकी नहीं भर पा रही है। इससे स्नान से लेकर भोजन बनाने में दिक्कत आ रही है। गृहणी सरोज देवी, गीता आदि ने कहा कि लो-वोल्टेज के कारण टंकी नहीं भर पा रही है। इससे भोजन बनाने के लिए भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

पालिका सड़कों पर कर रही पानी की फुहार
नगर पालिका प्रशासन ने लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए सड़कों पर पानी की फुहार डाल रही है। पालिका कर्मी टैंकर में पानी भरकर सड़कों पर डाल रहे हैं, इसके बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
विज्ञापन


भीषण गर्मी के चलते ट्रांसफार्मर व तार हीट हो रहे हैं, जिसके कारण समस्या आ रही है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो। वैसे भी शहर में बिजली के जर्जर तार व पोल बदलने का कार्य चल रहा है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
- केएन शुक्ला, एसडीओ, विद्युत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें