- मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े 150 गांवों की बिजली बाधित रही
संतकबीरनगर। मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े 150 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से लड़खड़ा गई थी। लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई थी। हालांकि बिजली कर्मियों ने मशक्कत के बाद करीब 27 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई थी। इससे गड़सरपार, धवरिया, बरईपार पैठान, नहसापार, चकदही आदि गांवों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया था।
विद्युत निगम के कर्मियों ने गड़बड़ी दूर करने के लिए लगातार प्रयास किया, लेकिन फाॅल्ट ढूंढ़ने में 27 घंटे लग गए। सोमवार की रात करीब नौ बजे बिजली कर्मियों ने फॉल्ट दुरुस्त किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। अवर अभियंता भागीरथी प्रसाद ने बताया कि बारिश के कारण दिक्कत आई थी, फाॅल्ट ढूंढ़ने में समय लगा, लेकिन अब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।