-सुबह पांच से आठ बजे तक गुल रही बिजली, दिनचर्या प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बुधवार की सुबह हल्की बारिश के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय जब लोगों को पीने के पानी व स्नान करने आदि की जरूरत थी तो बिजली ही नहीं थी। जिससे पानी का संकट खड़ा हो गया।
विद्युत निगम का दावा है कि शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है, लेकिन यह दावा शहर में फेल नजर आ रहा है। सुबह के समय पांच बजे गुल हुई बिजली आठ बजे के बाद आई। उपभोक्ता दिनेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि सुबह के समय ऑफिस और कामकाज के लिए तैयार होना रहता है, इस दौरान बिजली कटने के बाद पानी का संकट खड़ा हो रहा है, जिससे परेशानी उठानी पड़ रही है।
खलीलाबाद शहर के मैलानी, डीघा, बरईटोला, अंसार टोला, सरौली, पठान टोला, मोतीनगर आदि क्षेत्रों के उपभोक्ता इससे परेशान नजर आए। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की आवाजाही बनी रही। इस संबंध में अवर अभियंता मिथिलेश कुमार ने कहा कि बारिश के कारण कुछ दिक्कतें आई हैं। बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।