- 15 दिन पहले ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने से बाधित हुई थी आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के भैंसही जोतकला के ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को प्रार्थना पत्र देकर टूटे हुए पोल व ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है।
भैंसही जोत कला में एक पखवाड़े से लोग विद्युत निगम की लापरवाही के चलते अंधेरे में गुजारा कर रहे है। भयंकर गर्मी में बूढ़े, बच्चे, जवान सभी बेहाल हैं। बावजूद इसके निगम के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की इस समस्या के निदान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। जिससे स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामवासी अर्जुन, रामजस, बेचन, गुड्डी देवी, जानकी देवी, कलावती, नजमुन्निशा, बिंद्रा प्रसाद व अन्य ग्रामीणों ने शनिवार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड खलीलाबाद से संबोधित प्रार्थना पत्र देकर तार व ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है।
लोगों ने आगे कहा कि बीते एक पखवाड़े से विद्युत सप्लाई बाधित है। गांव की गड़ही के पास लगाए गए 25 केवी के ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिर जाने के कारण ट्रांसफार्मर तथा पोल दोनों क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। जिस कारण से गांव की आधी सप्लाई पूर्णतया बाधित हो गई है। ग्रामीणों ने पोल व ट्रांसफार्मर को अन्य स्थान पर स्थापित कराकर अतिशीघ्र सप्लाई चालू कराने का आग्रह किया है।