- सुबह 10 बजे से दिनभर गुल रही बिजली
- मेंहदावल शहरी व ग्रामीण क्षेत्र का हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र में सोमवार की सुबह 10 बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरे दिन बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। तेज हवा के कारण आपूर्ति बाधित होने का विभाग दावा कर रहा है।
मेंहदावल क्षेत्र में तेज हवा के कारण सोमवार की सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शाम पांच तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोग परेशान रहे। आलम यह रहा कि लोगों का इनवर्टर जवाब दे गया। पानी की टंकियां खाली हो गईं। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पाए। वहीं कुटीर उद्योग चलाने वाले उद्यमी भी परेशान रहे। आटा चक्की चलाने वाले व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आइस फैक्ट्री चलाने वाले व्यवसायी अवनींद्र जायसवाल ने कहा कि अचानक विद्युत आपूर्ति बंद होने से कठिनाई उठानी पड़ी। विद्युत सब स्टेशन पर फोन कर पता किया तो पता चला कि तेज हवा के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुआ है। तेज हवा बंद होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाएगी। शहर से ग्रामीण क्षेत्र के लोग आपूर्ति बंद होने से परेशान रहे। शाम 5:30 तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाया।
इस संबंध में अवर अभियंता मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अचानक मौसम परिवर्तन होने व तेज हवा चलने के कारण आपूर्ति बंद किया गया। पूरे दिन तेज हवा चलने के कारण लोगों को विद्युत आपूर्ति से वंचित होना पड़ रहा है। हवा धीमे होते ही आपूर्ति शुरू की जाएगी।