- मौलाना आजाद कॉलेज के पास जमीन चिह्नित, पुरानी लाइनों पर लोड होगा कम
- मगहर के दुर्गा मंदिर के पास मिली जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद और मगहर में नया विद्युत उपकेंद्र बनेगा। इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने में आ रही बाधा को प्रशासन ने दूर करा लिया है। साथ ही जमीन चिह्नित कर ली गई है। इससे पुरानी लाइनों पर लोड कम होगा और लोकल फाल्ट से निजात मिलेगा।
खलीलाबाद में विद्युत उपकेंद्र के लिए करीब आठ माह पहले मड़या में जमीन देखी गई थी। विवाद के बाद मामला कोर्ट में चला गया। इस पर आपत्ति दर्ज होने के बाद उपकेंद्र बनने में रोड़ा फंस गया। अब प्रशासन ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के पास जमीन उपलब्ध करा दी है। इस स्थान पर बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा।
नए उपकेंद्र बनने से शहर की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। साथ ही लोड कम होने से लोगों को लोकल फाल्ट की समस्या से राहत मिल सकेगी। बिजली निगम अब यहां पर कार्य शुरू कराने की तैयारी में है।
मगहर के दुर्गा मंदिर के पास मिली जमीन
मगहर में भी बिजली उपकेंद्र बनेगा, जिसके लिए जमीन का चिह्नांकन हो चुका है। दुर्गा मंदिर के पास नया उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे मगहर क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वैसे अभी पुरानी लाइन से आपूर्ति में लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नया विद्युत उपकेंद्र बनने से लोकल फाल्ट की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। अभी पुरानी विद्युत लाइन पर लोड अधिक है। जिसके चलते बिजली आपूर्ति में बाधा खड़ी हो रही है। बार-बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है।
- संतराम, बड़गाें , खलीलाबाद
मौलान आजाद के पास नया विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने से बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से राहत मिलेगी। उम्मीद है कि जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। यह सराहनीय पहल है।
- दिलीप अग्रहरि, पुरानी सब्जी मंडी, खलीलाबाद
मगहर में नया विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। बार-बार ट्रिपिंग की समस्या दूर होगी। उम्मीद है कि जल्द ही कार्य शुरू होगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
- अवधेश सिंह, मगहर
नया विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने की मांग लंबे अर्से से की जा रही थी। अब नया विद्युत उपकेंद्र दुर्गा मंदिर के पास बनाए जाने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
- त्रिलोकी नाथ वर्मा, मगहर
खलीलाबाद और मगहर में नया विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन का चिह्नांकन हो गया है। जमीन विद्युत निगम को दे दी गई है। जल्द ही यहां पर कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
- महेंद्र सिंह तंवर,
डीएम