संतकबीरनगर। रविवार की रात तेज के हवा के चलते शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात में 10 बजे के आसपास बिजली गुल हुई तो सोमवार को दो बजे के करीब आई। इसके बाद लोगों को राहत मिली। पूरी रात बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे। कई लोग चैन से सो नहीं पाए।
खलीलाबाद शहर में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। कभी दिन में तो कभी रात में अक्सर बिजली गुल हो जा रही है। इस समय गर्मी से लोग परेशान हैं। रविवार की रात 10 बजे हवा चलने के साथ ही बिजली कट गई। इससे खलीलाबाद नगर पालिका में शामिल पुलिस लाइन, बगहिया, सरैया, पटखौली, सरौली, बड़गों, बालू शासन, माधवपुर, मिश्रौलिया, लकाड़ी, ऊन खास समेत करीब 50 गांवों में बिजली कटने के साथ ही अंधेरा छा गया। पूरी रात लोग बिजली का इंतजार करते रहे। बिजली नहीं आई। लोग रतजगा करने के लिए मजबूर हुए। बिजली न आने से सुबह के समय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जिनके घर हैंडपंप था, उनका तो काम चल गया। जो लोग मोटर वाले पंप के सहारे थे, वे बिजली आने का इंतजार करते रहे। इसके साथ ही इनवर्टर भी पूरी तरह से चार्ज न होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों को राहत मिली। बड़गो निवासी राहुल प्रजापति, संजय सिंह, जयकरन का कहना था कि बिजली न आने से काफी परेशानी हुई। हैंडपंप न होने की वजह से बिजली का इंतजार करना पड़ा। दूसरे के हैंपपंप से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी की गईं।
इस बारे में विद्युत निगम के अधिशाषी अभियंता दिव्य रंजन ने कहा कि रविवार की रात हवा चलने की वजह से शुगर मिल के पास बिजली के तार पर पेड़ गिर गया। इस वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। सोमवार को दिन में दो बजे बिजली बहाल कर दी गई।