- चार माह पहले कनेक्शन के मद में कर दिया भुगतान, भीषण गर्मी में पठन-पाठन करने को मजबूर बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बिजली निगम को बेसिक शिक्षा विभाग ने 164 स्कूलों में बिजली कनेक्शन को लेकर 79 लाख रुपये दे दिया है। उसके बाद निगम ने अभी तक स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं दिया। जिससे भीषण गर्मी में बच्चे पठन-पाठन करने को मजबूर हैं।
जिले के परिषदीय स्कूलों में कनेक्शन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग खुद बिजली निगम को रुपये देकर कनेक्शन लेता है और उसका हर माह भुगतान भी करता है। जिले में 1247 स्कूल हैं, इनमें से 164 ऐसे विद्यालय है जहां पर अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इन विद्यालयों में कनेक्शन लगाने के लिए निगम को 79 लाख का भुगतान भी चार माह पहले ही कर दिया लेकिन अभी तक इन स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं लगा। जिसकी वजह से भीषण गर्मी में बच्चे परेशान हो रहे है। साथ ही विद्यालय में ऑनलाइन कोई कार्य नहीं हो रहा है।
शिक्षक मोबाइल के जरिए ही काम कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें बीआरसी पर जाना पड़ता है। इसके अलावा विद्यालयों में रात में चोरी का भी डर रहता है। परिसर में पूरी तरह से अंधेरा छाया रहता है।
बिजली निगम को 79 लाख रुपये कनेक्शन लेने के लिए भुगतान किया जा चुका है। अभी तक कनेक्शन नहीं हुआ है। इसके लिए निगम को पत्राचार किया जा रहा है।
- अमित कुमार सिंह, बीएसए
चुनाव के समय रकम मिली थी लेकिन उस समय टेंडर नहीं हो पाया था। अब टेंडर कराया जा रहा है। जल्द ही विद्यालयों में कनेक्शन दे दिया जाएगा।
- रमेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत