- नगर पालिका कूड़े को सूखाने के लिए प्लांट लगाएगा
- इस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे
- उस्का कला के पास जमीन चिह्नित
- आचार संहिता समाप्त होने के बाद शुरू होगा कार्य
- शहर में इधर-उधर कूड़ा फेंकने से मिलेगी निजात
पुनीत कुमार मिश्र
संतकबीरनगर। शहर से निकलने वाले कूड़े को गीडा भेजा जाएगा। इस कूड़े से गीडा में बिजली व सीएनजी का निर्माण होगा। नगर पालिका ने कूड़े को सूखा करने लिए प्लांट लगाने जा रही है। जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। चुनाव बाद इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। जिसे लेकर तैयारी तेज हो गई है। इसका फायदा शहरवासियों को मिलेगा। उन्हें कूड़ा इधर-उधर फेंकने से निजात मिल जाएगी। साथ ही शहर भी स्वच्छ और साफ रहेगा।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में कुल 25 वार्ड हैं। इन वार्डों से प्रतिदिन 45 क्विंटल कूड़ा निकलता है। जिसमें गीला व सूखा कूड़ा होता है। कूड़े को वाहनों से हरिहरपुर के पास फेंका जाता है। इसके अलावा मगहर के पास भी कूड़ा फेंका जा रहा था, लेकिन पिछले दिनों मगहर नगर पंचायत में नगर पालिका की गाड़ी को लोगों ने कूड़ा फेंकते पकड़ लिया था। जिसके बाद यहां कूड़ा फेंका जाना बंद हो गया।
नगर पालिका परिषद ने अब कूड़े के निस्तारण की योजना तैयार की है। इसके लिए दो करोड़ रुपये से प्लांट लगेगा। इसके लिए चार बीघा जमीन की जरूरत पड़ेगी। जमीन उस्का कला के पास मिली भी है। नगर पालिका की माने तो इसके लिए दो कैप्सूल गाड़ी खरीदी जाएगी। एक गाड़ी गीले कूड़े की तो दूसरे में सूखा कूड़ा होगा। गाड़ी में कूड़े को डाल दिया जाएगा। इसमें बने प्रेशर मशीन से कूड़े को दबाकर कम किया जाएगा ताकि वह पूरी तरह से सूख जाए। इसके बाद उसे गीड़ा स्थित एक कंपनी को भेजा जाएगा। वहां कंपनी उस कूड़े से बिजली व सीएनजी का निर्माण करेगी। इसके लिए नगर पालिका व गीडा स्थित कंपनी से करार भी हो चुका है। संवाद
40 टन का होगा प्लांट
नगर पालिका जो प्लांट लगाएगा वह 40 टन की क्षमता का होगा। इस प्लांट में प्रतिदिन कूड़े का निस्तारण होगा। नगर पालिका परिषद ने कूड़ा दबाने वाली मशीन के क्रय आदि के कागजात भी तैयार कर लिए हैं। कूड़े को पूरी तरह से प्रेशर मशीन से दबाकर कम कर दिया जाएगा। इसमें स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
गदंगी व बदबू से मिलेगी निजात
शहर में कूड़े को कहीं भी फेंका दिया जाता है। जिसके बाद वहां गंदगी-बदबू आती है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब तो शहर के कूड़े को निस्तारित करने के लिए उसे सीधे प्लांट में भेजा जाएगा। साथ ही अन्य नगर पंचायतों से भी कूड़ा मंगवाया जाएगा।
कूड़ा निस्तारण के लिए कैप्सूल गाड़ी की खरीद और प्लांट तैयार करने की योजना है। आचार संहिता खत्म होते ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। यहां कूड़े को प्रेशर मशीन से दबाकर सूखा दिया जाएगा और उसे गीडा स्थित एक प्राइवेट फर्म को दिया जाएगा। फर्म उससे बिजली और सीएनजी पैदा करेगी। इसके लिए फर्म से बातचीत हो गई है।
- जगत जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद