बकाया मानदेय के लिए संविदा कर्मियों ने दिया धरना
- अपनी मांगों का ज्ञापन एक्सईएन को दिया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर पंचायत संघ के सदस्यों ने बकाया मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर एक्सईएन कार्यालय पर धरना दिया। कर्मियों ने एक्सईएन से मानदेय देने की मांग की। मानदेय न मिलने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी। इस दौरान कर्मियों ने कार्यालय पर ताला जड़ दिया।
संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत संविदा कर्मियों का कई माह से मानदेय नहीं मिला है। जिससे परिवार के समक्ष रोजी रोटी का संकट है। विभाग से लगातार बकाया मानदेय की मांग की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर बकाया मानदेय नहीं दिया गया तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही संविदा कर्मियों की कई अन्य मांगे भी है। जिसमें संविदा कर्मियों की ड्यूटी के दौरान सुरक्षा समेत कई मांगें हैं। धरने के दौरान कुछ कर्मचारियों ने कार्यालय के कमरों में ताला लगा दिया। जिससे कुछ देर तक काम प्रभावित रहा।
इस संबंध में एक्सईएन विद्युत संजय सिंह ने कहा कि संविदा कर्मियों के मानदेय का बजट आ चुका है। जिसका भुगतान एक दो दिन में कर दिया जाएगा। धरना में कुछ बाहरी तत्व भी शामिल थे। जिन्होंने कार्यालय के कुछ कमरों में तालाबंदी की है। उनके खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाल श्री प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।