प्रधान के तीन, बीडीसी सदस्य के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के 3470 रिक्त पदों पर होगा चुनाव
14 जून को होगी मतगणना, 340 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्य चुने ही नहीं गए
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिक्त पदों पर उप चुनाव की तिथि घोषित कर दी। इसके अनुसार 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना कराई जाएगी। जिले में प्रधान के तीन, बीडीसी सदस्य के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के 3470 रिक्त पदों पर चुनाव होना है।
जिले में 754 ग्राम पंचायतें है। इसमें से 340 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्य नहीं चुने जाने से यह गांव असंगठित हैं। ऐेसे में इन गांवों के प्रधान शपथ नहीं ले सके। इन गांवों में 3470 ग्राम पंचायत सदस्यों का पद रिक्त हैं। खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र के धमैचा ग्राम पंचायत के पूर्व विधायक स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद की पत्नी दुर्गावती प्रधान पद पर चुनाव लड़ी थीं। प्रधान पद की प्रत्याशी दुर्गावती कोरोना संक्रमित हो गई थी और परिणाम आने के एक दिन पहले ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। चुनाव में दुर्गावती विजयी हुई थी। उनकी मौत से पद रिक्त हो गया। इसी तरह भाटपार ग्राम पंचायत के प्रधान पद के प्रत्याशी हमीदुल्लाह की हार्टअटैक से परिणाम आने से चार दिन पूर्व ही मौत हो गई थी। यह भी चुनाव जीत गए थे। मौत होने से यहां भी पद रिक्त हो गया। मेंहदावल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सई लगड़ी के निर्वाचित प्रधान बृजेंद्र कुमार पाठक की भी मौत हो गई है। सेमरियावां और नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र में एक-एक पद बीडीसी सदस्य का रिक्त है। पंचस्थानी चुनाव कार्यालय के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के डी पांडेय ने बताया कि प्रधान के तीन पद रिक्त है। जबकि बीडीसी सदस्य के दो पद रिक्त है। इसके अलावा 340 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के 3470 पद रिक्त है। आयोग के निर्देश के क्रम में रिक्त पदों पर छह जून को नामांकन पत्र दाखिल होगा। छह जून को ही नामांकन पत्रों की जांच होगी। सात जून को नाम वापसी और उसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 जून को मतदान होगा। 14 जून को मतगणना होगी। उप चुुनाव की तैैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।