- मंडल अध्यक्ष भाजपा सहित चार आरोपितों पर केस दर्ज
- घर में मची चीख-पुकार, गांव में तनाव का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी।
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल के तुलसीपुर मोहल्ले में मारपीट में घायल सभासद के पिता की 25 दिन बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मौत की जानकारी होने पर गांव में कोहराम मच गया। सूचना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिश गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित उनके परिवार के सदस्य मामले में आरोपित हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 25 जनवरी को नगर पंचायत मेंहदावल के तुलसीपुर वार्ड में अलाव के लिए लकड़ी गिराया जा रहा था। मोहल्ले की सभासद उत्तरा निषाद के भाई देवव्रत से गंगाराम निषाद ने दुर्व्यवहार किया था। देवव्रत के पिता रामानंद साहनी ने गंगाराम से इस बाबत पूछताछ की तो गंगाराम निषाद एवं उनके परिवार के सदस्यों ने रामानंद साहनी को मारपीट कर घायल कर दिया। रामानंद को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार को रामानंद की मृत्यु हो गई।
इस मामले में मेंहदावल पुलिस ने गंगाराम निषाद, जालंधर, राजन व अरविंद के खिलाफ मारपीट का केस पंजीकृत किया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्राणघातक हमले की धारा बढ़ाई गई थी। रामानंद की मृत्यु हो जाने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। रामानंद के परिवार के सदस्य इस मामले में आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतान हत्या का केस पंजीकृत करने की मांग कर रहे हैं। गांव के लोगों में नाराजगी और तनाव व्याप्त है। घटना की जानकारी के बाद से प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामकृष्ण मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव के अंतिम संस्कार का प्रयास कराना शुरू कर दिए।
मारपीट की घटना होने के बाद केस पंजीकृत किया गया था। विवेचना में प्राणघातक हमले में धारा बढ़ा ली गई थी। अब अधेड़ की मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- सत्यजीत गुप्ता, एसपी