रात में आयी आधी से फाल्ट हुए विजली को ठीक करते कर्मचारी ।
- फोटो : KHALILABAD
भारी बारिश से विद्युत संकट, शहर से गांव तक आपूर्ति ठप
जगह-जगह लोकल फाल्ट होने से आई दिक्कत, दो सौ गांवों में ठप है आपूर्ति
उपभोक्ता विद्युत निगम के अधिकारियों से कर रहे शिकायत लेकिन हालात बदतर
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शनिवार की देर शाम आई तेज आंधी और भारी बारिश के चलते शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत संकट खड़ा हो गया है। कहीं पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित है तो कही तार टूटने से गुल हो गई है। दो सौ गांवों में आपूर्ति ठप है। विद्युत निगम व्यवस्था में सुधार का दावा कर रहा है। लेकिन, हालत लगातार बदतर बनी हुई है।
शहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद के सामने पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति के लिए तार टूट कर जमीन पर गिर गया। जिससे आस-पास के क्षत्रों मे बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। उपभोक्ताओं को पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ा है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह विद्युत कर्मी व अन्य लोगों ने पेड़ को काटकर हटाया। करीब तीन बजे शाम को बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। रामजानकी मार्ग धनघटा में भी तार पर पेड़ गिर गया, जिसके कारण इस क्षेत्र से जुड़े गांवों में बिजली ठप है। नाथनगर ब्लॉक के मुकुंदपुर चौराहे पर तेज आंधी व बारिश के कारण पेड़ उखड़कर विद्युत तार पर गिर गया। इससे पोल गिर गया और पूरी क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। खलीलाबाद के बनियाबारी के पास भी पेड़ सड़क पर गिरने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। बाद में ग्रामीणों ने पेड़ की काटकर हटाया तब जाकर रास्ता खुल सका। मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े गांवों की विद्युत सप्लाई भी पिछले कई दिनों से प्रभावित है। विद्युत निगम के कर्मचारी सप्लाई सही करने में जटे रहे, लेकिन शाम तक इसमें सफलता नहीं मिल सकी। कांटे क्षेत्र से जुड़े गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित है। धनघटा क्षेत्र पारासीर में पीपल का पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया है। लोग परेशान हैं। उपभोक्ता दिनेश कुमार, राधेश्याम आदि ने कहा कि बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। अधिशाषी अभियंता संजय कुमार सिंह ने कहा कि तेज आंधी व पानी के कारण दिक्कत आ रही है, जल्द ही आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी।