कोतवाली क्षेत्र के दरुआजप्ती माफी गांव में मंगलवार रात बच्चों के विवाद में एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी बाप- बेटों को गिरफ्तार कर लिया। घटना से उत्पन्न तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
दरुआजप्ती माफी गांव निवासी गिरिजा(70) और भोपत के घर के बच्चों में आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसी विवाद को लेकर मंगलवार रात भोपत पक्ष के लोगों ने ईंट पत्थर और लाठी डंडे से पीटकर गिरिजा को घायल कर दिया। खबर पर पुलिस पहुंची अाैर घायल वृद्ध को लोगों की मदद से पहले सीएचसी फिर जिला अस्पताल भेजवाया। जहां उपचार के दौरान गिरिजा की मौत हो गई।
हरीश चौहान पुत्र रामा चौहान का आरोप है कि मंगलवार की रात उसके 70 वर्षीय बाबा गिरिजा भोजन करके सोने जा रहे थे। उसके घर के सामने ही भोपत और उनके बेटे गब्बर व सोनू ने मिलकर लाठी से बाबा को मार पीट कर घायल कर दिया। कोतवाल ईश्वरचंद्र प्रधान ने बताया कि गिरिजा और भोपत के घर के बच्चों विवाद में भोपत पक्ष के लोगों ने वृद्ध को मारपीट कर घायल कर दिया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान गिरिजा की मौत हो गई।
इधर, हरीश की तरफ से भोपत और उसके दोनो बेटों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर की गई थी। बुधवार को शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी बाप- बेटों को गिरफ्तार कर लिया लिया गया है। मुकदमे को तरमीम करते हुए आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।