पिकअप की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
ग्राम पंचायत चपरा पूर्वी के लोनियान टोले के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा (संतकबीरनगर)। ग्राम पंचायत चपरा पूर्वी के लोनियान टोला निवासी बुजुर्ग की रविवार की सुबह पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार लोनियान टोला निवासी राम जनक (70) रविवार सुबह शौच के लिए गए थे। घर आते समय पानी लेकर जा रही पिकअप ने चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में बिड़हर घाट पुलिस चौकी के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस संबंध में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।