संतकबीरनगर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश की अध्यक्षता में 85 वर्ष पूर्ण कर चुके मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं के पोस्टल मतदान में लगे कर्मियों का प्रशिक्षण कलक्ट्रेट सभागार में हुआ। इसमें 20 और 22 मई को 85 वर्ष पूर्ण का चुके बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर मतदान कराने पर रणनीति तैयार की गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि मेंहदावल के लिए 51 मतदाताओं के सापेक्ष छह मतदान टीम, खलीलाबाद के 51 मतदाता के चार मतदान टीम तथा धनघटा के लिए 60 मतदाताओं के सापेक्ष चार मतदान टीम लगाई गई है। प्रत्येक टीम में मतदान कराने के लिए दो कर्मचारी, एक माइक्रो आवजर्वर, दो सुरक्षा कर्मी तथा एक वीडियोग्राफर लगाया गया है। इस प्रकार 14 मतदान टीम में कुल 84 कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। समस्त पार्टियों को मतदाता सूची, रूट चार्ट स्टेशनरी, मोहर आदि उपलब्ध कराई गई है। एडीएम जय प्रकाश ने बताया कि 85 वर्ष पूर्ण कर चुके मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं को मतदान कराने के लिए तीनों विधानसभा में पोलिंग पार्टी घर-घर जाकर 20 एवं 22 मई 2024 को मतदान कराएंगे। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टी 20 मई को सुबह सात बजे से कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होंगी।