संतकबीरनगर। दून विश्वविद्यालय देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा संसद-2026 में देशभर से चयनित 150 प्रतिभागियों के बीच संतकबीरनगर का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्वनाथपुर गांव निवासी जुगुल किशोर पांडेय ने जिले के तीन प्रमुख मुद्दे राष्ट्रीय मंच पर उठाए।
लोकसभा प्रतिनिधि के रूप में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संत कबीर की निर्वाण स्थली मगहर होने के बावजूद आज भी राष्ट्रीय पहचान नहीं मिल पाई है, जिसकी वह वास्तविक रूप से हकदार है। देश के कई हिस्सों में लोगों को संतकबीर्रनगर की पहचान बताने के लिए पड़ोसी जिले गोरखपुर का नाम लेना पड़ता है। उन्होंने जिले में एक भी चीनी मिल न होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे गन्ना उत्पादक किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे गन्ना उत्पादन और किसानों की आय दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिले में स्पोर्ट्स कॉलेज के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं के लिए अन्य जिलों में पलायन करना पड़ता है।
राष्ट्रीय युवा संसद में जुगुल किशोर पांडेय ने मुद्दों के जरिए संत कबीर नगर के विकास, किसानों की समृद्धि और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से सामने रखा।