संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली के एक गांव के युवक ने बगल के गांव की एक मां-बेटी पर दस लाख रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि मां-बेटी खुद उसे फोन कर अपने घर बुलातीं थीं। अब वे उससे रकम वसूलने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का दो साल पहले एक युवक के साथ संबंध था। उस युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवती का शोषण किया तो युवती टूट गई। इस बीच छह माह पूर्व युवती की बात सोशल मीडिया के जरिए बगल के गांव के एक युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। रोज दोनों की फोन पर बात होने लगी।
इस बीच एक सप्ताह तक युवक ने बातचीत करना बंद कर दिया। इसके बाद युवती की मां युवक के गांव पहुंच गई। युवक का कहना है कि युवती की मां ने उससे कहा कि आप बेटी से बात करना बंद मत करिए। आपसे बात करने पर उसका मन बहल जाता है। उसको पहले बहुत झटका लगा है। उसका जीवन खराब हो जाएगा। इस बात पर उसने दया भाव के साथ युवती से बात करना शुरू कर दिया। इसके बाद युवती और उसकी मां उसे अपने घर पर भी बुलाने लगी। ऐसा करते हुए छह माह बीत गए।
इस बीच युवक के पिता जो बाहर रहते थे, वह घर आ गए तो उसकी युवती से बात बंद हो गई। उसने युवती के घर जाना भी बंद कर दिया। तकरीबन 15 दिन पूर्व युवती की मां ने युवक को धमकाया कि अगर वह उसके यहां नहीं आया तो उसके खिलाफ युवती से दुष्कर्म का केस दर्ज करा देंगे। इसके बाद वह काफी डर गया और अपने परिजनों को यह बात बताई। परिजनों ने युवती की मां से बात की तो युवती की मां ने कहा कि अगर 10 लाख रुपये दे दोगे तो केस नहीं दर्ज कराएंगे।
युवक के परिजनों ने कहा कि जब युवक ने कुछ किया ही नहीं है तो आखिर केस किस बात का। युवती की मां ने कहा कि हमारे पास बातचीत का सबूत है, फोटो भी है। वह ले जाकर पुलिस को दे देंगे। इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। वहां से मां-बेटी और वह व्यक्ति तीनों केस दर्ज कराने की धमकी देकर चले आए हैं। इसे लेकर युवक का परिवार भी केस दर्ज कराने की तैयारी में है। कोतवाल पंकज पांडेय ने कहा कि तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।