संतकबीरनगर। एसपी ने धनघटा पुलिस को दशहरा तक सुशील के आत्महत्या के मामले को सुलझाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके पुलिस अभी तक इस प्रकरण का खुलासा नहीं कर सकी है। सुशील के परिजनों में पुलिस के प्रति आक्राेश है। परिजनों का कहना है कि सबूत होने के बावजूद पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है। मिठना सिठना निवासी सुशील का शव तीन अक्तूबर को गौरापार गांव के बाग में लटकता मिला था। सुशील दो अक्तूबर से घर से लापता था।
सुशील के पास मिले मोबाइल में रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया था। किसी ने मैसेज कर पैसा न देने पर शाम तक घर से उठवा लेने की धमकी दी थी। परिजनाें का आरोप था कि सुदखोरों ने सुशील को धमकाया था, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया था। सुशील के परिजन आठ अक्तूबर को एसपी से मिले थे और एसपी ने दशहरा से पूर्व मामले का खुलासा करने के निर्देश एसओ को दिए थे, लेकिन एसपी के आदेश के बाद भी धनघटा पुलिस की सक्रियता नहीं दिखाई है। सुशील के परिजन पुलिस की जांच पर सवाल उठा रहे हैं।