संतकबीरनगर। दुर्गा पूजा पंडालों में आग लगने की संभावित घटनाओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने मगहर और खलीलाबाद शहर क्षेत्र के पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आयोजकों को अग्निसुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने पंडालों में आग से बचाव के इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजकों को पंडालों में बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने पर जोर दिया।
अग्निशमन विभाग की टीम ने आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि इन उपायों से आग लगने की घटना पर समय रहते काबू पाने और जन-धन की हानि रोकने में मदद मिलेगी।