जाली नोट : रिमांड पर लेकर पुलिस आरोपियों से कर रही पूछताछ
जाली नोट के रैकेट में पश्चिमी यूूपी के रहने वाले दो शख्स पर शक
दोनों का स्क्रैच तैैयार कराने की तैयारी में पुलिस टीम
अमर उजाला ब्यूूरो
संतकबीरनगर। जाली नोट प्रकरण के तीनों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में पश्चिमी उत्तर प्रदेेश के दो युवकों का नाम सामने आया जो नेपाल के काठमांडू में रहकर जाली नोट के रैकेट से जुड़े हुए हैं। पुलिस उनका स्क्रैच तैयार कराने की तैयारी कर रही है।
एक सप्ताह पूर्व बाघनगर निवासी अब्दुल हकीम एसबीआई की शाखा बाघनगर में 80 हजार रुपये जमा करने गए थे। जांच में 500-500 के 160 नोट जाली पाए गए थे। इस मामले में पहले अब्दुल हकीम को पुलिस ने जेल भेजा था। बाद में उनके बेटे वजीहुद्दीन और बस्ती के वाल्टरगंज क्षेत्र के गनेशपुर निवासी अफरोज को जेल भेजा था। तीनों आरोपियों को 48 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। एटीएस और आईबी की टीम ने भी पहुंच कर आरोपियों से पूछताछ कर रैकेट का पता लगाने की कोशिश की। सूत्र बताते हैं कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी के दामाद तबरेज अहमद ने नेपाल में जिन दो लोगों से नेपाली रुपये देकर भारतीय मुद्रा लिया था, वे दोनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि वे दोनों कब नेपाल से भारत आते-जाते हैं। यहां किन-किन लोगों से उनके संपर्क हैं।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस टीम ने उन दोनों का स्क्रैच भी तैयार कराने की कोशिश शुरू कर दी है जिससे दोनों की पहचान करके पकड़ने में आसानी हो। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि जाली नोट मामले के तीनों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। इसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेंगी। अन्य जांच एजेंसियां भी इस प्रकरण में जांच कर रही है। कस्टडी रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद शनिवार की शाम तीनों आरोपियों को बस्ती जेल भेजवा दिया गया।