संतकबीरनगर। वेतन और पेंशन विसंगतियों को दूर करने समेत आठ सूत्रीय मांगें पूरी करने के लिए लेखपालों ने जिले की तीनों तहसीलों पर बुधवार को भी कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। लेखपालों ने एस्मा लागू करने के लिए प्रदेश सरकार की आलोचना की।
खलीलाबाद तहसील में धरने की अध्यक्षता करते हुए तहसील अध्यक्ष हरिशंकर विश्वकर्मा ने कहा कि लेखपाल संघ की मांगों को सरकार दबाना चाहती है। इसीलिए आंदोलन पर एस्मा (इसेंसियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट) लागू कर दिया है। कहा कि लेेखपाल कई माह से चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चला रहे है।
लेेखपाल संघ वेतन उच्चीकरण, वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, भत्तों में वृद्धि, राजस्व उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति, लैपटाप व स्मार्ट फोन, प्रोन्नति एवं आधार भूत सुविधाएं आदि की मांग कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बुद्धिराम चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, श्रवण कुमार, रामचरन, रामसुमेर, अर्जुन पाठक, चंद्रभूषण, जीतेंद्र कन्नौजिया, राकेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इसी मेंहदावल तहसील में भी लेखपालों ने धरना दिया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष शेषदत्त त्रिपाठी, मंत्री सुधीर कुमार गुप्त, लक्ष्मीशंकर सिंह, राजेंद्र त्रिपाठी, सुशील श्रीवास्तव, ज्वाला सिंह आदि मौजूद रहे।
इसी तरह से धनघटा तहसील पर भी लेखपाल अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर धरना दिए। इस दौरान तहसील अध्यक्ष ध्रुपचंद चौधरी, मोहम्मद इलियास, राजदेव, गिरजेश, अभिषेक श्रीवास्तव समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।