10 स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ दूसरा ड्राई रन, बनाए गए थे 25 बूथ
- 375 स्वास्थ्यकर्मियों ने किया टीकाकरण का अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोविड-19 टीकाकरण के लिए जिले की 10 स्वास्थ्य इकाइयों पर टीकाकरण सत्रों का पूर्वाभ्यास सफलता पूर्वक किया गया। इस दौरान कुल 375 स्वास्थ्यकर्मियों का आभासी टीकाकरण किया गया। 25 टीकाकरण बूथों पर ड्राई रन को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासनिक विभाग और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
जिले की कुल 10 स्वास्थ्य इकाइयों पर ड्राई रन का आयोजन किया गया। पूर्वाभ्यास में सभी कर्मी 15 मिनट पहले ही टीकाकरण के लिए नियत स्थान पर पहुंच गए। बूथों पर मौजूद पर्यवेक्षकों की निगरानी में सभी बूथों पर दूसरा पूर्वाभ्यास शुरू हुआ। इस दौरान सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, डिप्टी डीआईओ डॉ. एके सिन्हा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर तथा पौली में पहुंचे तथा वहां पर ड्राई रन का निरीक्षण किया। अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा मेंहदावल तथा बेलहर, यूनीसेफ के बेलाल अनवर सांथा में, डीआईओ डॉ. एस रहमान बघौली व सेमरियावां में तथा जिला मलेरिया अधिकारी वैक्सीन मैनेजर सुशील कुमार मौर्या के साथ नाथनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
अपर निदेशक स्वास्थ्य ने किया निरीक्षण
संतकबीरनगर। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सीके शाही ने सोमवार को जिला अस्पताल और सीएचसी खलीलाबाद के बूथों पर जाकर ड्राई रन का निरीक्षण किया। वहां पर तैनात कर्मचारियों को उन्होंने बारीकी से सारी चीजों के बारे में बताया। जहां भी थोड़ी सी कमी दिखाई पड़ी तो उन्होंने सभी को सचेत भी किया। जिला अस्पताल के हर बूथ का उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि धैर्य खोने की जरूरत नहीं है बल्कि धीरज के साथ टीकाकरण की आवश्यकता है।
टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव का प्रशिक्षण दिया
संतकबीरनगर। टीकाकरण के ड्राई रन के दौरान एएफआई (आफ्टर इवेंट फाओइंग इम्यूनाइजेशन) टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान वह लोग जिनको टीका लग चुका था वे जान बूझकर बेहोश हुए तथा उनको वहां की क्विक रिएक्शन टीम ने तुरंत ही आवश्यक ट्रीटमेंट प्रदान करने का पूर्वाभ्यास किया।