संतकबीरनगर। रेलवे स्टेशन के पास नशे में धुत मनबढ़ युवक ने अपने साथियों के साथ कपड़ा व्यवसायी को पीटकर घायल कर दिया। घायल व्यवसायी की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने पिता की शिकायत पर एक नामजद समेत 10-15 मनबढ़ों के खिलाफ केस दर्ज किया है। संतकबीरनगर। वहीं देर रात गोरखपुर से पोस्टमार्टम करवाकर लौट रहे परिजनों ने डीघा के पास हाईवे को जाम कर दिया। आरोप था कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बेलवनिया गांव का निवासी प्रहलाद ने बताया कि मेंहदावल बाईपास पर उसका बेटा मुन्नालाल (25) मौर्या फैशन गारमेंट नाम से दुकान चलाता था। 19 मार्च की रात 8 बजे दुकान बंद किया। इस दौरान मेरी बेटी के फोन करने पर बताया कि अभी वह मार्केट की तरफ जा रही है, थोड़ी देर बाद आएगा। जब रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो दोबारा फोन किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ।
कुछ देर बाद फिर फोन करने दूसरी तरफ से फोन उठाने वाले ने बताया कि वह पुलिसकर्मी है और भाई का एक्सीडेंट हो गया है, जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में पहुंचने पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज गोरखपुर पहुंचने पर इलाज के दौरान 20 मार्च की सुबह चार बजे उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि उसके बेटे का मटिहना निवासी शिरीष के साथ रात में झगड़ा हुआ था। शराब के नशे में धुत शिरीष ने 10-15 सहयोगियों को बुलाकर मुन्नालाल को बुरी तरह से मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मटिहना निवासी शिरीष और 10-15 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं रात 9 बजे हाईवे जाम करने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, एसडीएम शैलेष दूबे ने लोगों को समझा बुझाकर हटवाया। परिजन पुलिस अभिरक्षा में शव को लेकर अपने घर चले गए।