- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली का मामला, आरोपी को हिरासत में
- अधीक्षक ने पुलिस को दी तहरीर, डॉक्टर से भी एलटी ने की बदसलूकी
धनघटा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली में कार्यरत लैब टेक्नीशियन ने शुक्रवार दोपहर एक बजे नशे में धुत होकर अस्पताल के महिला वार्ड में हंगामा किया। इलाज के लिए भर्ती मरीजों के तीमारदार से छेड़छाड़ की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर थाने लाई, जहां उसे हिरासत में लिया गया है। इस मामले में सीएचसी अधीक्षक ने पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, मलौली हॉस्पिटल पर तैनात एलटी रंगपाल चौधरी शुक्रवार दोपहर में नशे में धुत होकर महिला वार्ड घुस गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि एलटी ने इलाज के लिए भर्ती मरीजों के तीमारदार से छेड़छाड़ की कोशिश करते हुए हंगामा करने लगा। उसकी हरकत को देखकर अस्पताल के कर्मी और अन्य लोग उसे पकड़ कर वार्ड से बाहर लाए और धक्का देकर अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया।
इस बीच डॉ. रमेश सोनकर से भी एलटी ने बदसलूकी की। उसके बाद अस्पताल कर्मियों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र चौधरी ने इस मामले में थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। डॉ. जितेंद्र ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है और कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में धनघटा एसओ दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।