जिला अस्पताल परिसर में बना 24 बेड का कोविड अस्पताल
संतकबीरनगर। 48 लाख रुपये की लागत से जिला अस्पताल में निर्मित कोविड अस्पताल निर्माण के दो वर्षों बाद भी धूल फांक रहा है। दो वर्षों से अस्पताल में ताला लगा है और परिसर गंदगी से पटा है।
साथ ही लहुरादेवा में 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ड्रग वेयर हाउस को भी अभी तक हैंडओवर नहीं किया जा सका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह दोनों ही भवन उपयोग में नहीं लिए जा रहे हैं।
खलीलाबाद के लहुरादेवा में 10 करोड़ रुपये की लागत से ड्रग वेयर हाउस बनाया गया है। जिला अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी अब ऑनलाइन दवा मंगा सकेंगे। वेयर हाउस में 10 ट्रक दवा रखने की क्षमता है।
जनपद में एक जिला अस्पताल, आठ सीएचसी, 22 पीएचसी समेत तीन जगहों पर नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित हैं। क्षमता के अनुसार पूर्व में दवाओं के लिए बजट आवंटित होता था और अस्पताल स्तर पर ही दवाएं खरीदी जाती थीं।
इसके लिए किराए के भवन में ड्रग वेयर हाउस खोला गया है। शासन ने एक साल पूर्व जिला स्तर पर ड्रग वेयर हाउस बनाने की स्वीकृति प्रदान की थी। लहुरादेवा में ड्रग वेयर हाउस बन कर तैयार हो गया है लेकिन अभी तक इसका हैंडओवर नहीं हुआ है।
अगर यह भवन हैंडओवर होता तो दवा आदि रखने में सहूलियत होती। यदि जिम्मेदार दोनों भवनों को इस्तेमाल में लें तो परिसर की देखभाल भी हो सकेगी और आम लोगों को सुविधा भी मिलेगी। फिलहाल अधिकारियों की लेट-लतीफी के चलते लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।