जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम मारकंडेय शाही स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों का लगातार निरीक्षण कर रहे है। इसके बावजूद अस्पतालों के जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। तीन दिन पूर्व डीएम ने संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था और गंदगी मिलने पर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई थी। मंगलवार की शाम को फिर संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान भी परिसर में गंदगी मिली। जिस पर नाराजगी जताई और रात में मजदूरों को लगाकर पूरे परिसर की सफाई करने का निर्देश दिया।
डीएम सबसे पहले जनरल वार्ड में पहुंचे वहा पर मरीजो से दवा आदि के बारे में जानकारी लिया। कहा कि अगर स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी तरह की कमी महसूस हो रही है तो वे सीधे सीएमओ और सीएमएस से अपनी समस्या बताकर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में जगह-जगह कूड़ा मिलने पर सख्त नाराजगी जताई और मजदूरों को बुलाकर रात में ही सफाई कराने का निर्देश दिया और उसकी रिपोर्ट देने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अस्पतालों में शाम के समय मरीजों की संख्या कम हो तो उसी समय सफाई करा ली जाए। जिससे अस्पतालों में सफाई का वातावरण बना रहेगा। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में फूल और घास लगाने का निर्देश दिया।
जिससे वातावरण में हरियाली रहे। परिसर में बेतरतीब खड़े एंबुलेंस को एक लाइन में खड़ा किए जाने का निर्देश सीएमएस को दिया। इस अवसर पर सीएमओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, डॉक्टर एके रहमान, सूचना अधिकारी लाल जी शुक्ल समेत अन्य मौजूद रहे।