- जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर मिला पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई का आदेश
- चार जून को छूटा था जेल से, पत्नी को भी जेल भेज चुकी है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसओजी और मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के धंधेबाज राकेश मिश्र उर्फ बाबा को बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल दिया। मेंहदावल थानाक्षेत्र के रक्सा गांव निवासी इस धंधेबाज के खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ की तस्करी) के तहत की गई। जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन स्तर से पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई का आदेश दिया गया था।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मेंहदावल के प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र और एसओजी प्रभारी सर्वेश कुमार राय की टीम ने बुधवार को रक्सा गांव निवासी राकेश मिश्रा उर्फ पिंकू मिश्रा उर्फ बाबा पुत्र विश्वम्भर नाथ मिश्र को उसके घर से गिरफ्तार किया। उत्तर प्रदेश शाासन के गृह (गोपन) अनुभाग से 19 जून को राकेश के खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई का आदेश जारी किया गया था।
इससे पहले 25 नवंबर 2023 को राकेश को बरदहिया मार्ग सब्जी मंडी मोहल्ले से राकेश को गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके पास से नशीला पाउडर (स्मैक) 250 ग्राम, 181 पुड़िया में 29.09 ग्राम स्मैक, गांजा 680 ग्राम, अफीम 29.50 ग्राम, आठ मोबाइल, पांच लाख 52 हजार रुपये नकदी तथा नेपाल और ओमान की करेंसी बरामद की गई थी। उसके साथ उसकी पत्नी रीता मिश्रा और बबलू उर्फ ओमकार विश्वकर्मा पुत्र रामशंकर निवासी मोहल्ला भिटवा टोला को भी गिरफ्तार किया गया था। चार जून को वह जमानत पर छूटा था।
कुर्क हो चुकी है 2.68 करोड़ की संपत्ति
एसपी ने बताया कि 27 मई को गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई के तहत राकेश की करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की चल-अचल सम्पत्ति कुर्क की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी चार जून को जमानत पर जेल से छूटा था। इसके बाद पुलिस ने शासन से पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई का आदेश मिलने के बाद बुधवार को उसे दोबारा गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।