संतकबीरनगर। शुक्रवार की देर रात खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र समेत जिले के कई गांवों में आसमान में ड्रोन उड़ने की अफवाह से लोग परेशान रहे। कई जगहों पर तो आसमान में ड्रोन जैसा उड़ता हुआ उपकरण दिखाई दिया। जिससे लोग रतजगा करने को मजबूर हुए। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस भी हलकान रही।
कोतवाली खलीलाबाद के कई गांव में आसमान में उड़ता हुआ ड्रोन दिखाई पड़ा। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई और वे रात भर जागते रहे। ड्रोन को उड़ता देख ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस रात में गश्त करती रही। महुई गांव के ग्रामीण संदीप, अंबिका, प्रदीप, दिनेश, रामभरत का कहना है कि ड्रोन आसमान में कभी ऊंचाई की तरफ तो कभी नीचे की तरफ आ रहा था, जिसकी गति बहुत धीमी थी। कही यह कोई चोरी की नियत से रेकी तो नहीं कर रहा था।
इसी तरह से कोतवाली क्षेत्र के बनकटवा, नेहियां खुर्द, मंझरिया, रसूलपुर, केसार, नीचौरा, ब्यारे, गड़सरपार, भरपूरवा, शिवापार, फ़ेरूसा, पड़रिया समेत अन्य गांव में ड्रोन उड़ने की खबर से ग्रामीणों में भय बना रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए रात भर गांवों में गश्त की। पुलिस की गश्त के बावजूद ग्रामीणों में अभी भी भय का माहौल है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह ड्रोन किसका था और रात में आसमान में उड़ाने का इसका उद्देश्य क्या था।
धर्मसिंहवा प्रतिनिधि के अनुसार धर्मसिंहवा सहित मेंहदूपार, भुलकी, सेवाइचपार, बेलराई हकीमराई, महदेवा, नानकार, बौरव्यास व अन्य गांव में भी ड्रोन जैसे उपकरण आसमान में उड़ते हुए देखे गए। गांव से लोग निकलकर सड़क पर पहरा दे रहे थे। क्षेत्र से आ रही सूचना से पुलिस भी देर रात तक हलकान रही। मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार मेंहदावल नगर पंचायत के नायक टोला पश्चिम टोला में शुक्रवार की रात आसमान में ड्रोन उड़ने का मामला सामने आया। जिसे अफरा तफरी मच गई।
मामले की सूचना मेंहदावल पुलिस तक पहुंची तो पुलिस भी सक्रिय हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को कहीं ड्रोन नजर नहीं आया, लेकिन अफवाह के कारण पूरी रात पुलिस भाग दौड़ करती नजर आई। वर्तमान समय में आलम यह है कि आसमान में ड्रोन उड़ने का मामला चर्चा में है जो पुलिस प्रशासन के लिए भी सिरदर्द बना हुआ है। थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने कहा कि ड्रोन उड़ने का मामला महज अफवाह है। जनता इसके प्रति जागरूक हो। सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी लेकिन किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाता नजर नहीं आया। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।