फसल में उर्वरक का छिड़काव कर नए भारत की साझा की तस्वीर
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। शनिवार को ग्राम पंचायत मुकुंदपुर पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांव के खेतों में ड्रोन से उर्वरक का छिड़काव कर नए भारत की तस्वीर पेश की गई। खेतों में उर्वरक का छिड़काव कर रहे ड्रोन को देखने के लिए बच्चों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
भारत संकल्प यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की उपलब्धियां साझा कीं। कार्यक्रम के समापन पर ड्रोन से खेत में रसायनों के छिड़काव का डेमो भी दिखाया गया। ड्रोन उड़ा रहे तकनीशियन ने बताया कि हर ब्लाॅक में ड्रोन भारत संकल्प यात्रा के साथ ही गांवों में पहुंच रहा है। जहां किसानों के खेतों में रसायनों का छिड़काव कर डेमो दिखाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ड्रोन जीपीएस तकनीक के सहारे संचालित होता है। सिग्नल मिलने के बाद ही ड्रोन को उड़ाया जा सकता है। सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन उड़ाने की ऊंचाई साप्टवेयर के जरिए नियंत्रित होती है। बिना सिग्नल मिले ड्रोन को उड़ाया नहीं जा सकता है।
भाजपा नेता हेमंत चतुर्वेदी ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों से भारत संकल्प यात्रा गुजर रही है। उस गांव में खेत में ड्रोन से रसायनों का छिड़काव कर लोगों को आधुनिक तकनीक और सरकार की उपलब्धियों से रूबरू कराया जा रहा है।