लोहरैया। बारिश के बीच धनघटा तहसील क्षेत्र के बारीडीहा, जिगिना, औराडाड़, बभनौली, नटवाबर, रामपुर, सियर सहित कई गांवों में नालियों की सफाई न होने से जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है। नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी बारिश के पानी के साथ सड़कों और गलियों में फैल गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांवों की गलियों में जलभराव और नालियों से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। ग्रामीण रामनारायन, कृष्ण कुमार, राकेश, रामभरत और रामजन्म ने बताया कि नालियों का गंदा पानी कई स्थानों पर सड़कों और गलियों में जमा है। संवाद