जुलूस ए मोहम्मदी के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सामने सड़क पर पसरा नाली का पानी।
- फोटो : अमर उजाला
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सोमवार को बखिरा, अमरडोभा, रसूलाबाद, तरकुलवा से निकला जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल लोग लडुआ महुआ में जुटे। सामूहिक रूप से जुलूस की शुरूआत हुई। जुलूस आयुर्वेदिक अस्पताल के निकट पहुंचा था कि सड़क पर नाली का पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा था। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए जुलूस वहीं रोक दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने हंगामा भी किया।
आनन-फानन में अफसरों ने बालू व मिट्टी मंगाकर सड़क पर डलवाया और मार्ग को सही कराया। इससे करीब एक घंटे तक जुलूस रुका रहा। इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने एक टंकी को तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन प्रशासन की चुस्ती से मामला शांत हो गया। बाद में पुलिस चौकी के सामने करीब एक घंटे तक चली तकरीर के दौरान मंच से पूर्व जिला पंचायत सदस्य इसहाक अंसारी ने घोषणा की कि मुकदमा दर्ज होने के बाद ही सड़क खाली की जाएगी। प्रशासन ने आनन फानन में तीन लोगों पर केस दर्ज करते हुए एफआईआर की कापी दिखाई, तब जाकर वहां से लोग वहां से हटे।
इस दौरान पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, इमामुद्दीन अंसारी, इमरान खां भी मौके पर पहुंच गये थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एएसपी अशोक वर्मा, सीओ उत्तम सिंह, बीडीओ आरके चतुर्वेदी समेत फोर्स मुस्तैद रही। एसओ अनिल सिंह ने बताया कि रमाकांत, उमेश व पंचम पर रास्ते में पानी फैलाने का आरोप लगा है। इन तीनों पर सड़क पर पानी फैलाकर धार्मिक जुलूस में अवरोध उत्पन्न करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
हियुवा के जिला प्रभारी आनंदशंकर पाठक ने कहा कि एक पक्ष के दबाव में आकर प्रशासन ने जिस प्रकार से मुकदमा कायम किया, वह नियमसंगत नहीं है। एक पक्ष के दबाव में आकर जिस प्रकार से उत्पीड़न किया जा रहा है, इसे कत्तई बर्दाश्त नही किया जाएगा। निष्पक्ष जांच करके मामले में न्याय नही किया गया तो हियुवा कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को बाध्य होगा।