नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा स्थित मानसिंह बाग में शुक्रवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर व विधायक गणेश चन्द चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर दोआबा महोत्सव का शुभारंभ किया। इससे पूर्व मैराथन दौड़ की प्रतियोगिता आयोजित की गई। जेएनयू व एसकेआर के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि कम समय में महोत्सव का आयोजन काफी चुनौतीपूर्ण था। कहा कि नगर पंचायत प्रतिनिधि नीलमणि के अथक प्रयासों से क्षेत्र में पहली बार दोआबा महोत्सव की शुरुआत हुई। कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की अपील की।
वहीं विधायक गणेश चन्द चौहान ने कहा कि महोत्सव के आयोजन से क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कहा कि जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए आयोजक मंडल की सराहना की।
महोत्सव के उद्घाटन के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलमणि ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर, विधायक धनघटा गणेश चन्द चौहान, पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता को स्मृति चिह्न व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एडीएम जयप्रकाश मिश्र, एएसपी सुशील सिंह, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, एसडीएम धनघटा अरुण कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि, अधिशासी अधिकारी उमेश पासी, तहसीलदार धनघटा योगेंद्र पांडेय, सीओ अजय सिंह, भाजपा जिला महामंत्री गणेश, राकेश पाठक, ब्लाॅक प्रमुख पौली राम मिलन यादव आदि मौजूद रहे।
महोत्सव में लगे स्टाल बने आकर्षण का केंद्र
मानसिंह बाग में आयोजित दोआबा महोत्सव में बेसिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग, महिला कल्याण, उद्योग विभाग, बाल विकास पुष्टाहार सहित अन्य विभागों ने अपने योजनाओं एवं उत्पादों आदि के प्रचार-प्रसार और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से स्टाल लगाए।