फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: घरेलू कलह और मानसिक तनाव के चलते बढ़ रहे खुदकुशी के मामले

Sun, 31 May 2026 02:44 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
एक माह में चार महिलाओं ने की खुदकुशी, मासूमों के सिर से उठ गया मां का साया
विज्ञापन

महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से न सुनना परिजनों को पड़ रहा भारी

ग्रामीण क्षेत्राें में जागरूकता की भी कमी
संतकबीरनगर। जनपद में घरेलू कलह, आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव के चलते महिलाओं में खुदकुशी के मामले बढ़ रहे हैं। एक माह में चार महिलाओं के खुदकुशी के मामला सामने आए हैं। महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से न सुनना परिजनों को भारी पड़ रहा है। विशेषज्ञ ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी भी एक बड़ी वजह मान रहे हैं।
महिलाओं की आत्महत्या के बढ़ते मामलों ने प्रशासन और समाज दोनों के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आई हैं, जिनमें अधिकतर मामलों की जड़ पारिवारिक तनाव और सामाजिक दबाव है, जो महिलाओं को ऐसे कदम उठाने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
विज्ञापन

वहीं, विशेषज्ञों के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी और महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से न लिया जाना भी बड़ी वजह है। कई बार महिलाएं लंबे समय तक तनाव झेलती रहती हैं, लेकिन उन्हें समय पर परामर्श या सहयोग नहीं मिल पाता। इसकी वजह से वह अंदर ही अंदर घुटकर आत्मघाती कदम उठा लेती हैं।

केस एक
प्रेम विवाह के बाद युवती ने उठाया आत्मघाती कदम
धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते शुक्रवार को युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। संदिग्ध हालात में युवती के घर के अंदर कमरे में शव लटका मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद का पाया गया।

केस दो
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
बीते शुक्रवार को दुधारा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए जहर देकर मारने का आरोप मढ़ा। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत के बाद उसके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।


केस तीन

पारिवारिक कलह में महिला ने की आत्महत्या
मई माह में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन बच्चों की मां का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक कलह और विवाद होता रहता था। घटना की पूर्व रात को भी उनके बीच तीखी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाया।
-

केस चार
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर महिला ने दी जान
मई माह में बखिरा क्षेत्र में एक युवती ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि एक युवक, युवती को लगातार ब्लैकमेल और प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने जान दे दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
-
महिलाओं में आत्महत्या के प्रमुख कारण
- घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद
- आर्थिक असुरक्षा।
- सामाजिक दबाव और बदनामी का भय।
- मानसिक अवसाद और अकेलापन।
- दहेज या वैवाहिक प्रताड़ना।

कोट
महिला आत्महत्या के मामले केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। जब तक परिवार, समाज और प्रशासन मिलकर महिलाओं की भावनात्मक और मानसिक समस्याओं को समझने की कोशिश नहीं करेंगे तब तक ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना मुश्किल होगा। - डॉ. विजय कुमार मिश्र, समाजशास्त्र विभाग, एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद
विज्ञापन


महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण का भी प्रयास किया जा रहा है, जिससे महिलाएं मानसिक अवसाद से बच सकें। - सरोज शर्मा, सीओ, मिशन शक्ति
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें