- एक्स-रे रिपोर्ट की फोटो मोबाइल फोन पर खींचने से जल्द मिलेगी राहत
अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर
चार लाख रुपये खर्च होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में एक्सरे रिपोर्ट की फोटो मोबाइल पर खींचने से जल्द ही राहत मिल जाएगी। इसके लिए एक्सरे कक्ष से ओपीडी में बैठे चिकित्सक रिपोर्ट देख सकेंगे। ओपीडी में चिकित्सक के कक्ष में एलईडी लगाई जाएगी, वह नंबर दबाएंगे तो मरीज की रिपोर्ट सामने आएगी। इससे वह रिपोर्ट देखेंगे और सलाह देंगे। इस पर करीब चार लाख रुपये खर्च की संभावना है। सीएमएस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में डिजीटल एक्स-रे की रिपोर्ट का प्रिंट आउट मरीजों को नहीं मिल रहा था। मरीज मोबाइल फोन से एक्स-रे रिपोर्ट की फोटो खींचते थे और उसे चिकित्सक को दिखाते थे। जिन मरीजों के पास एंड्रायड मोबाइल फोन नहीं है उनके लिए समस्या उत्पन्न हो रही थी। अमर उजाला ने 17 मार्च के अंक में ‘जिला अस्पताल आएं तो मोबाइल फोन साथ लाएं, तभी मिलेगी एक्स-रे रिपोर्ट’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसका सीएमएस ने संज्ञान लिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डिजीटल एक्स-रे को ऑनलाइन किया जा रहा है। ओपीडी के हड्डी रोग विशेषज्ञ व फिजीशियन कक्ष में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसको एक्स-रे रूम से कनेक्ट किया जाएगा। मरीज का नंबर लगेगा और एक्स-रे होगा। पर्ची पर लिखे नंबर को ओपीडी में बैठे चिकित्सक नंबर पर क्लिक करेंगे तो उनकी रिपोर्ट स्क्रीन पर आ जाएगी। जिससे मरीज की रिपोर्ट आसानी से देखी जा सकेगी।
एक्स-रे को ओपीडी से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ व फिजीशियन के कक्ष में एलईडी लगाई जाएगी ताकि एक्स-रे की रिपोर्ट सीधे एलईडी पर देखी जा सके। इससे मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही इस पर कार्य शुरू कराया जाएगा।
- डॉ. भवनाथ पांडेय, सीएमएस