- सीएचसी मलौली में तीन घंटे ठप रही ओपीडी, मरीज परेशान
- 24 मई को तीमारदारों ने डॉक्टर से की थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। सीएचसी मलौली में 24 मई को मरीज के साथ आए तीमारदारों ने डॉक्टर राजेश त्रिपाठी की पिटाई की थी। पुलिस ने तीन नामजद, छह पुरुष व दो अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज किया था। 72 घंटे गुजर जाने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित चिकित्सकों ने सोमवार को ओपीडी का बहिष्कार कर दिया।
ओपीडी कक्ष में डॉक्टर के न बैठने से अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच मरीज के साथ आए तीमारदार भी हलकान हुए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक धनघटा अनिल कुमार ने चिकित्सको से बात की। डॉक्टरों ने बताया कि घटना के 72 घंटे गुजर जाने के बाद एक भी आरोपी नहीं पकड़ा गया। थाना प्रभारी के 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद डॉक्टर शांत हुए।
लगातार तीन दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार की सुबह अस्पताल खुलने के बाद मरीजों की लंबी लाइन लग गई। इस बीच ओपीडी में बैठे चिकित्सक अचानक ओपीडी से बाहर निकल गए। डॉक्टरों ने बताया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक ओपीडी कक्ष में नहीं बैठेंगे। इस बीच अस्पताल में पहुंचने वाले रोगियों की संख्या बढ़ने लगी। ओपीडी में डॉक्टर न देख मरीजों के साथ आए लोगो ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लगभग दो घंटे तक अस्पताल में स्थिति असामान्य हो गई।
इस बात की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचकर डॉक्टरों से बातचीत शुरू की। 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद डॉक्टर ओपीडी कक्ष में बैठने को तैयार हुए। डॉक्टर जितेंद्र चौधरी, डॉक्टर सीमा आदि ने बताया कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंगलवार को सभी डॉक्टर कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। इस संबंध में सीओ अजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।