- कलक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस व कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आईजीआरएस संबधी मामलों व कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक हुई। जिसमे एक-एक कर योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण व उनके प्रति संतुष्टि शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए कि निस्तारण की गुणवत्ता खराब होने के कारण उच्च स्तर से शिकायतें दोबारा वापस आ जाएं। कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
वहीं एडीएम जय प्रकाश ने कहा कि संबंधित शिकायत की जांच के लिए अधिकारी मौके पर जाने से पूर्व शिकायत से संबंधित सभी पक्षों को अवश्य अवगत कराएं। कहा कि सभी विभागीय अधिकारी प्रतिदिन अनिवार्य रूप से आईजीआरएस पोर्टल को देखें तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए अनिवार्य रूप पर से पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
इसके अलावा कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, व्यापार कर, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देयों की वसूली, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मण्डी समिति, बांट माप, खाद्य एवं सुरक्षा सहित अन्य राजस्व संग्रह से संबंधित विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व देयों की वसूली का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर डीडीओ सुरेश चन्द्र केसरवानी, अपर एसडीएम रमेश चन्द्र, एसडीएम शैलेश दुबे, अरुण वर्मा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, संजीव राय, डाॅ. सुनील कुमार, प्रशिक्षु एसडीएम अतिश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।